झांसी/मऊरानीपुर। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और चर्चा का विषय बना मामला सामने आया है। यहां एक ग्राम प्रधान पर अपने ही गांव की नवविवाहिता महिला को लेकर फरार होने का आरोप लगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरपुरा गांव निवासी पीड़ित पुष्पेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी। गांव के ग्राम प्रधान वीरेंद्र पाठक का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान प्रधान और उसकी पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

पीड़ित का कहना है कि इस संबंध को लेकर उसका ग्राम प्रधान से कई बार विवाद भी हुआ था। आरोप है कि 29 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे, जब वह घर पर नहीं था, उसी दौरान उसकी पत्नी घर से चली गई।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी जाते समय घर में रखे लगभग 2.40 लाख रुपये नगद और जेवर भी अपने साथ ले गई। गांव के कुछ लोगों ने दोनों को एक साथ जाते हुए देखने की बात भी कही है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा और नाराजगी का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।