जौनपुर। जिले में ग्राम प्रधानों के खिलाफ चल रही जांच के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। सरपतहा थाना क्षेत्र के बुमकहा गांव में जांच टीम की मौजूदगी में ही दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिससे एक युवक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत पर जांच चल रही थी। इसी दौरान गांव के लोग दो गुटों में बंट गए और विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि युवक को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया।

वहीं, महाराजगंज क्षेत्र के लमहन गांव में भी ग्राम प्रधान निर्मला पाल और उनके पुत्र वीरेंद्र पाल (रोजगार सेवक) पर सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसकी जांच जारी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच निष्पक्ष रूप से पूरी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।