देवरिया। बरहज तहसील क्षेत्र के तेलिया कला गांव में आयोजित मंडल स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन जोश और उत्साह के बीच हुआ। 15 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सतराव और तेलिया कला की टीमों के बीच खेला गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां युवा मोबाइल और कंप्यूटर गेम्स में अधिक समय बिताते हैं, ऐसे समय में खेलकूद का महत्व और भी बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से ही प्रतिभाएं निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करती हैं। खेल न केवल शारीरिक मजबूती देता है, बल्कि अनुशासन और समर्पण की भावना भी विकसित करता है।

फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान ‘अमर शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह अमर रहे’ के नारों से गूंज उठा, जिससे युवाओं में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।