देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से देवरिया यातायात पुलिस ने गुरुवार को शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत शंकर के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में यह अभियान भटवलिया, बस स्टैंड और कसया ओवरब्रिज सहित कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया।
चेकिंग के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों को चिन्हित किया गया। इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस और नियमों के विरुद्ध वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया।
इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पूरवा के पास विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों का चालान काटने के साथ ही कुछ को सीज भी किया गया।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।









