जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र में नवागत थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है तथा किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है, जिसके लिए थाना क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और हर फरियादी को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उनके इस सख्त रुख से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।