देवरिया, देवरिया जिले के बरहज तहसील परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अवर अभियंता एवं नगर पालिका के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान तहसील मुख्य द्वार से उपजिलाधिकारी आवासीय मोड़ तक हॉट मिक्स प्लांट से किए जा रहे पिच रोड निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मोटाई और समतलता का बारीकी से अवलोकन किया गया। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। इस कार्य की लागत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा तहसील परिसर स्थित खाद्य विभाग कार्यालय में चल रहे रंगाई-पुताई कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कुछ सम्मानित नागरिकों ने तहसील परिसर में आरओ प्लांट स्थापित करने के लिए आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही आरओ प्लांट स्थापित कराने का आश्वासन दिया।

यह निरीक्षण स्थानीय विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।