देवरिया जिले में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने गौरा कटईलवा क्षेत्र में प्रस्तावित विद्युत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की स्थापना, सात नए विद्युत पोल और एलटी लाइन बिछाने के साथ-साथ ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। इन सभी कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की प्रक्रिया प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर विद्युत सुविधा मिल सके।
नगर पालिका परिषद द्वारा विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विद्युत विभाग को सुपरविजन चार्ज का भुगतान भी किया जाएगा, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके।
इस बीच, रामलीला मैदान के पास स्थित ट्रांसफार्मर के अचानक जल जाने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से वार्ता के बाद बताया गया कि विभागीय टीम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ट्रांसफार्मर की मरम्मत या प्रतिस्थापन कर शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।









