जलालपुर, जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र में हौज टोल प्लाजा के पास देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब नशे में धुत एक ट्रक चालक ने एक कार को पीछे से टक्कर मारकर करीब 70 मीटर तक घसीट लिया।

जानकारी के अनुसार, एक कार टोल प्लाजा के पास खड़ी थी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक नशे में था और टक्कर के बाद भी उसने वाहन नहीं रोका, जिससे कार सड़क पर घसीटती चली गई।

मौके पर मौजूद टोल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर ट्रक को रुकवाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि ट्रक की चाबी कहीं खो गई है। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को धक्का लगवाकर सड़क किनारे खड़ा कराया।

बताया जा रहा है कि कार सवार वाराणसी की ओर जा रहे थे और इस घटना में सभी सुरक्षित बच गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।