जौनपुर, जौनपुर जिले के बदलापुर तहसील क्षेत्र स्थित अभिनव इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय, पुरानी बाजार में नामांकन मेले का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) गोरखनाथ पटेल ने 30 नए बच्चों का स्नेहपूर्वक नामांकन कराया।
बीएसए ने बच्चों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें कॉपी, कलम एवं ट्रॉफी भेंट कर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विभा शुक्ला एवं अन्य शिक्षकों ने बीएसए का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में हो रही पढ़ाई और अनुशासन की सराहना की।
अभिभावकों ने बीएसए से अनुरोध किया कि विद्यालय को कक्षा 8 तक मान्यता प्रदान की जाए, जिससे बच्चों को आगे की शिक्षा भी इसी संस्थान में मिल सके। इस पर बीएसए गोरखनाथ पटेल ने आश्वासन दिया कि इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह नामांकन मेला शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।










