देवरिया। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगहा मठिया गांव में पत्रकार के मकान पर हमला और महिलाओं से अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चकियवा (थाना कोतवाली) निवासी पत्रकार दिलीप कुमार ने बगहा मठिया में अपनी जमीन पर मकान बनवाकर कुछ लोगों को किराये पर कमरा दे रखा है। ये किरायेदार झांकी कार्यक्रम का संचालन करते हैं।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर झांकी संचालकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि 25 अप्रैल की देर रात करीब 10-15 लोग एकत्र होकर पत्रकार के मकान पर पहुंचे और वहां रह रहे किरायेदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

पीड़ितों के अनुसार, सत्यम नामक व्यक्ति इस हमले का मुख्य आरोपी है, जो अपने साथियों के साथ सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम देने पहुंचा था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय आपसी समझौते के जरिए शांत कराने का प्रयास किया।

इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने बरियारपुर थाना अध्यक्ष से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।