जनपद के शाहगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सबरहद गांव में हुए चर्चित पत्रकार हत्याकांड को लगभग दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।

मृतक पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही परिवार दहशत के साए में जी रहा है।

मृतक के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने शस्त्र लाइसेंस के लिए वर्ष 2024 में आवेदन किया था। संबंधित विभाग द्वारा जांच और निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद फाइल अब तक लंबित पड़ी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी जमानत पर बाहर हैं, जिससे परिवार के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच कराकर शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।