जनपद की बेटी आहना यादव ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सीयूईटी पीजी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे देश में जौनपुर का नाम रोशन किया है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा में आहना ने अंग्रेजी विषय में 300 में से 287 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है।

गूलरघाट निवासी शिक्षक संजय यादव और मनोरम यादव की पुत्री आहना बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर में पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए राजस्थान के बनस्थली विश्वविद्यालय का रुख किया।

आहना ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और समाज की सेवा करना है।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और खुशी का माहौल है।