जौनपुर, उत्तर प्रदेश। जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बड़उर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में अनियमितताओं और कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है।

कार्डधारकों की शिकायत पर एसडीएम शाहगंज के निर्देशानुसार जांच कराई गई। जांच के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमिता द्विवेदी, पूर्ति निरीक्षक शिव शंकर यादव और आशुतोष सिंह की टीम ने कोटेदार की दुकान और गोदाम का निरीक्षण किया।

जांच में पाया गया कि मार्च और अप्रैल माह का राशन पात्र कार्डधारकों को वितरित नहीं किया गया, जबकि उनसे पहले ही अंगूठा लगवा लिया गया था। स्थानीय कार्डधारकों ने बयान देकर इसकी पुष्टि भी की है।

टीम को निरीक्षण के दौरान दुकान और गोदाम में गेहूं, चावल और चीनी का कोई स्टॉक नहीं मिला, जबकि रिकॉर्ड में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न दर्शाया गया था। कोटेदार स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में कोटेदार ने स्वीकार किया कि उसका कोई स्थायी गोदाम नहीं है और खाद्यान्न अन्य स्थान पर रखा जाता है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई है।

मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम और सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद एसडीएम शाहगंज के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक द्वारा सरायख्वाजा थाने में कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।