जौनपुर से संवाददाता —
जिले में सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। करीब 3:30 बजे तेज आंधी और हल्की बारिश की शुरुआत हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही, जिसके कारण जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़-पौधों के गिरने की संभावना जताई जा रही है। बाजारों में मौजूद दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं और अंदर ही रुकना पड़ा।
करीब 4:15 बजे आंधी की तीव्रता में कमी आई, हालांकि बारिश की बूंदाबांदी जारी रही। इस दौरान आकाश में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली भी देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के 58 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे आने वाले समय में मौसम में और बदलाव संभव है।









