झमाझम बारिश बदला मौसम का मिजाज, आंधी तूफान के साथ उड़े बैनर पोस्टर
भागलपुर, देवरिया। बरहज तहसील क्षेत्र में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को प्रभावित कर दिया। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई तेज बारिश, धूल भरी हवाओं और गरजती बिजली ने दिन में ही रात जैसा नजारा पैदा कर दिया। चौक-चौराहों पर लगे पोस्टर और बैनर तेज हवाओं में उड़ते नजर आए, जबकि कई स्थानों पर पेड़ गिरने की भी सूचना मिली।
तेज हवाओं के साथ आई बारिश से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर छिपने के लिए मजबूर होना पड़ा। बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदार अपनी दुकानों में दुबके रहे। शाम के समय बाजार में निकलने वाले लोगों की रफ्तार अचानक थम गई, जिससे व्यापारियों की दुकानदारी भी प्रभावित हुई।
बारिश के दौरान लगातार चमकती बिजली और तेज गर्जना से लोगों में भय का माहौल देखा गया। वहीं, किसानों के चेहरों पर राहत साफ नजर आई, क्योंकि इस पहली अच्छी बारिश से खेती-किसानी के लिए उम्मीदें बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय बाद इतनी तेज आंधी और लगातार बारिश देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहा, जबकि कई जगह बिजली आपूर्ति भी प्रभावित बताई गई.









