चंदौली पुलिस ने चकिया थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स की दुकान में हुई लगभग 16 लाख रुपये की चोरी का महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 15.80 लाख रुपये बरामद किए, जो कुल चोरी का लगभग 99 प्रतिशत है। यह घटना ग्राम बरहटा स्थित प्रकाश वर्मा की ज्वेलर्स दुकान में हुई थी, जहां चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर थाना चकिया और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर तेजी से कार्रवाई की। पुलिस की इस सफलता पर एसपी ने थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, उप निरीक्षक अनिल कुमार पांडे, उप निरीक्षक आशीष मिश्रा तथा सर्विलांस सेल टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया।










