जौनपुर (रिपोर्टर – दिलीप कुमार खरवार):
जिले के बदलापुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत बरौली गांव स्थित हनुमान मंदिर में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मंदिर परिसर में मुस्लिम महिलाओं ने पहुंचकर न केवल पूजा-अर्चना की, बल्कि श्रद्धा भाव से कथा भी सुनी और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस दृश्य ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और लोग इसे गंगा-जमुनी तहजीब का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों से आपसी सौहार्द का माहौल बना हुआ है। यहां हर समुदाय एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होता है। यदि हिंदू समुदाय का पर्व होता है तो मुस्लिम भाई-बहन भी उसमें सहभागिता करते हैं, और जब मुस्लिम समुदाय के त्योहार होते हैं तो हिंदू परिवार भी पूरे सम्मान के साथ शामिल होते हैं।

मंदिर में हुआ यह आयोजन पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर लोग इसे पुराने जमाने की भाईचारे की परंपरा की याद दिलाने वाला दृश्य बता रहे हैं।

वर्तमान समय में जहां अक्सर तनाव की खबरें सामने आती हैं, वहीं यह दृश्य सामाजिक एकता और सौहार्द की मजबूत मिसाल पेश करता है।