जौनपुर, उत्तर प्रदेश। जिले के बक्सा थाना क्षेत्र के बभनोटी टेकारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर चचेरे भाई द्वारा युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि गांव निवासी आलोक मिश्रा (47 वर्ष) बीती देर रात जौनपुर शहर से एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। घर से करीब 100 मीटर पहले ही पहले से घात लगाए बैठे उनके चाचा के लड़के तथा कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।

हमलावरों ने आलोक मिश्रा पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद अमित मिश्रा भी हमले में बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने आलोक मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित मिश्रा की हालत नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

मृतक के परिजनों के अनुसार, आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही थी और कुछ दिन पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है