बीती रात बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला वार्ड में अज्ञात कारणों से लगी आग, मची अफरा-तफरी
रिपोर्टर: दिलीप कुमार खरवार
जौनपुर (उत्तर प्रदेश): जनपद के बदलापुर क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीती देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब महिला वार्ड में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एसी यूनिट से धुआं निकलने के बाद शुरू हुई, जो देखते ही देखते फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद स्टाफ ने तत्काल इसकी जानकारी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे को दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय महिला वार्ड में कोई भी मरीज भर्ती नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय दुबे ने बताया कि आग लगने के समय वार्ड खाली था और स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में किसी प्रकार की कोई हताहत नहीं हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।










