देवरिया: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, युवक बाल-बाल बचा

देवरिया (उत्तर प्रदेश): जनपद के भलुअनी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा करमटार मोड़ के पास उस समय बड़ा सड़क हादसा हो गया जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गया, हालांकि उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़कागांव निवासी 20 वर्षीय गौतम प्रसाद पुत्र मोती प्रसाद, थाना बरहज, मंगलवार सुबह लगभग 9:00 से 9:30 बजे के बीच अपनी मोटरसाइकिल से अहिरौली की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह गंगा करमटार मोड़ के पास पहुंचे, तभी देवरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गौतम प्रसाद अपनी बाइक समेत स्कॉर्पियो के साथ कुछ दूरी तक घसीटते चले गए। हादसे में बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत यह रही कि युवक को गंभीर चोटें नहीं आईं और वह सुरक्षित बच गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा और नंबर प्लेट टूटकर घटनास्थल पर गिर गई, जिससे वाहन की पहचान की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।