देवरिया। जिले के बरहज थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवा देवार में एक दर्दनाक हादसे में दिव्यांग महिला की जलकर मौत हो गई। खेतों के डंठल में लगी आग तेज हवा के कारण फैलकर झोपड़ी तक पहुंच गई, जिससे यह दुखद घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पहना निवासी श्रीकृष्ण ने गांव से पश्चिम कोटवा देवार में फसल की रखवाली के लिए झोपड़ी बनाई थी, जहां गाय-भैंस भी रखी जाती थीं। दोपहर के समय दियारा क्षेत्र में खेतों के डंठल में किसी ने आग लगा दी।
तेज पछुआ हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें पास स्थित झोपड़ी तक पहुंच गईं। उस समय श्रीकृष्ण की दिव्यांग पत्नी बचिया देवी (40 वर्ष) झोपड़ी में अकेली थीं।
झोपड़ी से उठती ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े, लेकिन तब तक झोपड़ी और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। महिला भी गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी, तहसीलदार अरुण कुमार तथा थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है।









