जौनपुर, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 25 अप्रैल से आयोजित होने वाली होमगार्ड लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को होमगार्ड लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक तथा परीक्षा सहायकों की नियुक्ति कर दी गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा को पूरी सुरक्षा एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी के द्वारा लापरवाही की जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।









