देवरिया। जिले के भटनी थाना क्षेत्र स्थित चांदपार अंडरपास के पास युवक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने, राहगीरों से अभद्रता करने और लोक शांति भंग करने के मामले में पुलिस ने 10 नामजद समेत 80 से 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मृतक सूरज राजभर, पुत्र मधु राजभर, निवासी वार्ड रामपुर खुरहुरिया का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ली, बेंच और मोटरसाइकिल लगाकर देवरिया-भटनी मार्ग बाधित कर दिया, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

जाम के कारण कई वाहन, एंबुलेंस और स्कूल बसें रास्ते में फंस गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि भीड़ ने रास्ता खाली नहीं किया तथा राहगीरों से गाली-गलौज और धमकी भी दी।

स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने वीडियोग्राफी के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नामजद आरोपियों में विशाल राजभर, कृष्ण कुमार राजभर, श्याम बिहारी राजभर, कुंदन सिंह, मोनू यादव, मुकेश, नीरज, शनि राजभर, शिवानंद और सूरज शामिल हैं।

थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।