देवरिया। सीबीएसई बोर्ड, नई दिल्ली से संबद्ध गुरुकुलम विद्यापीठ में पृथ्वी दिवस के पावन अवसर पर भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता तथा स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साह और जोश के साथ भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने “पृथ्वी बचाओ”, “हरित पर्यावरण”, “जल ही जीवन है” और “प्रदूषण मुक्त भारत” जैसे विषयों पर आकर्षक एवं जागरूकता से भरपूर चित्र बनाए। छात्रों की रचनात्मकता और संदेश देने की क्षमता ने सभी को प्रभावित किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया। परिणाम इस प्रकार रहे—

प्रथम स्थान: आराध्या पांडेय (कक्षा 8), निर्जला (कक्षा 9)
द्वितीय स्थान: पूजा यादव (कक्षा 9), रिशु यादव (कक्षा 9)
तृतीय स्थान: प्रतिभा यादव (कक्षा 9), प्रियल त्रिपाठी (कक्षा 7)
चतुर्थ स्थान: गौरी पांडेय (कक्षा 8), परी राव (कक्षा 6)
पंचम स्थान: आरोही कुशवाहा (कक्षा 5), स्वाति सिंह (कक्षा 8)

सभी विजेताओं को विद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इसके साथ ही विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वच्छता अभियान भी चलाया। छात्रों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना, जल बचाना और स्वच्छता बनाए रखना जैसे छोटे-छोटे प्रयास हमारे भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।

विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम छात्रों के लिए प्रेरणादायक और शिक्षाप्रद रहा, जिसने उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।