देवरिया। जनपद के भागलपुर गांव के होनहार बेटे पियूष यादव ने IIT (BHU) वाराणसी के छात्र संसद चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस रिकॉर्ड जीत से गांव में जश्न का माहौल है और पूरे जिले में गर्व की अनुभूति हो रही है।
पियूष यादव, जो सुभाष यादव उर्फ नागा बाबा के पुत्र हैं, ने साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से पूरी की और आगे की पढ़ाई लखनऊ विश्वविद्यालय से की। इसके बाद उन्होंने JRF और GATE जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं। वर्तमान में वह IIT (BHU) वाराणसी के भौतिकी विभाग में पीएचडी कर रहे हैं।
हाल ही में संपन्न छात्र संसद चुनाव में पियूष यादव ने भारी मतों से जीत दर्ज की, जिसे अब तक के छात्र राजनीति इतिहास में एक रिकॉर्ड के रूप में देखा जा रहा है।
अपनी जीत पर पियूष यादव ने कहा कि यह सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके परिवार, गांव और उन सभी लोगों की है जिन्होंने उन पर भरोसा जताया। उन्होंने छात्रों के हितों और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
इस उपलब्धि के बाद भागलपुर गांव सहित पूरे देवरिया जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और परिजनों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। पियूष यादव की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर गांव का बेटा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।










