देवरिया (उत्तर प्रदेश): जनपद के खुखून्दू थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी ओझा गांव में सोमवार की रात आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान फरमाइशी गीत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान शरारती तत्वों द्वारा एक झोपड़ी में आग लगा दी गई, जिससे भारी नुकसान हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में अशोक पाठक के पुत्र के उपनयन संस्कार के अवसर पर सोमवार को भोज और आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान फरमाइशी गीत बजाने को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

इसी बीच कुछ अराजक तत्वों ने पास में स्थित एक झोपड़ी में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, झोपड़ी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। झोपड़ी में रखी तीन मोटरसाइकिल—एक अशोक पाठक की और दो उनके रिश्तेदारों की—जलकर राख हो गईं। इसके अलावा चौकी, चारपाई और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना अध्यक्ष राहुल कुमार सिंह ने बताया कि आर्केस्ट्रा के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद आगजनी की घटना हुई। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।