देवरिया: महेन मंदिर ट्रस्टी को बेदखल करने का आरोप, गोसाई परिवार ने थाने में लगाई गुहार

रिपोर्ट: अमित रेखा, बरहज

देवरिया (उत्तर प्रदेश): जनपद के बरहज तहसील क्षेत्र स्थित महेन मंदिर को लेकर विवाद सामने आया है। मंदिर के ट्रस्टी और गोसाई परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें बिना किसी नोटिस और वैधानिक प्रक्रिया के मंदिर परिसर से बेदखल किया जा रहा है।

पीड़ित गोसाई परिवार का कहना है कि वे कई पीढ़ियों से मंदिर में पूजा-पाठ करते आ रहे हैं और मंदिर के निर्माण में भी उनके पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसके बावजूद उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और मंदिर से बाहर करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मामले को लेकर गोसाई परिवार मदनपुर थाने पहुंचा, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की। परिवार का आरोप है कि बिना किसी लिखित आदेश या कानूनी कागजात के उन्हें जबरन हटाया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है।

पीड़ित पक्ष ने कहा कि न्याय के लिए उन्हें लगातार थाने और कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला, तो वे अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।

I prefer this response