देवरिया। जिले में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में 28 अप्रैल से 30 मई 2026 तक जनपद के सभी विकास खंडों में विशेष चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण जैसे ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र और अन्य कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना है। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।

शिविरों के दौरान दिव्यांग पेंशन, विवाह प्रोत्साहन योजना, दुकान निर्माण/संचालन योजना तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के तहत भी लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

प्रत्येक शिविर सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल को गौरी बाजार, 29 अप्रैल को भटनी, 2 मई को रुद्रपुर, 4 मई को बरहज, 5 मई को भागलपुर, 12 मई को बनकटा, 13 मई को सलेमपुर, 14 मई को भटपार रानी, 16 मई को लार, 19 मई को देवरिया सदर, 20 मई को बनकटा, 23 मई को रामपुर कारखाना, 26 मई को देसही देवरिया, 29 मई को तरकुलवा और 30 मई को पथरदेवा में शिविर आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी भी योजना या सहायक उपकरण का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।