जौनपुर, उत्तर प्रदेश। जिले के बदलापुर विकासखंड के खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र प्रसाद द्विवेदी सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। हादसे में उन्हें हल्की चोटें आई हैं, जबकि बड़ा नुकसान टल गया।

जानकारी के अनुसार, खंड विकास अधिकारी किसी सरकारी कार्य से वाराणसी गए थे। वहां से वापस बदलापुर लौटते समय फूलपुर स्थित अमूल डेयरी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत क्रेन बुलवाई और खाई में गिरी कार को बाहर निकलवाया।

कार बाहर निकलने के बाद उसमें सवार खंड विकास अधिकारी सुरक्षित बाहर आए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों की तत्परता और मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।