जिला संवाददाता – नागेंद्र कुमार तिवारी
जौनपुर, उत्तर प्रदेश
जिले के उमानाथ सिंह जिला अस्पताल परिसर में सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक नवजात बच्ची का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में चिंता और दुख का माहौल देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर के लाशघर के पीछे एक नवजात का शव पड़ा हुआ मिला। ड्यूटी पर मौजूद एक सफाई कर्मचारी की नजर जब उस ओर पड़ी, तो उसने तुरंत नजदीक जाकर स्थिति की पुष्टि की और इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन तथा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची वहां कैसे पहुंची। यह घटना समाज के लिए गंभीर चिंतन का विषय है और ऐसे मामलों में जागरूकता तथा जिम्मेदारी की आवश्यकता को दर्शाती है।










