जौनपुर, उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। प्रशासनिक जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में अपात्र लोगों ने योजना का लाभ ले लिया था। अब तक 62,638 अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। परियोजना निदेशक डॉ. रमेश यादव के अनुसार सत्यापन की प्रक्रिया लगातार जारी है और ऐसे मामलों की गहन जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि कई स्थानों पर पति-पत्नी, नाबालिग बच्चों और यहां तक कि मृत व्यक्तियों के नाम पर भी योजना का लाभ लिया जा रहा था। जिले में पहले कुल लाभार्थियों की संख्या 8,79,300 थी, जो अब घटकर 8,16,662 रह गई है। इसके अलावा करीब 29,000 मृत लाभार्थियों की पहचान हुई है और लगभग 22,000 मामलों में आधार कार्ड से जुड़ी गड़बड़ियां पाई गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी ताकि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र किसानों तक ही पहुंच सके।









