28 अप्रैल से दिव्यांगजनों के लिए विशेष चिन्हांकन शिविर, सभी विकास खंडों में मिलेंगी योजनाओं का लाभ
देवरिया, 24 अप्रैल। जनपद के दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से 28 अप्रैल से विशेष चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल के निर्देशानुसार ये शिविर 30 मई 2026 तक जिले के सभी विकास खंडों में लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण व सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। शिविरों में ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन सहित अन्य कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों के लिए पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन किया जाएगा।
इसके साथ ही शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण/संचालन योजना तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के अंतर्गत भी पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी योजना या सहायक उपकरण का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
जरूरी दस्तावेज
शिविर में आने वाले लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र की प्रति तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
शिविर का समय व कार्यक्रम
सभी शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
28 अप्रैल: गौरीबाजार, 29 अप्रैल: भटनी, 2 मई: रुद्रपुर,4 मई: बरहज,5 मई: भागलपुर,12 मई: बनकटा,13 मई: सलेमपुर,14 मई: भटपाररानी,15 मई: पथरदेवा, 16 मई: लार, 19 मई: देवरिया सदर
20 मई: बनकटा, 23 मई: रामपुर कारखाना, 26 मई: देसही देवरिया30 मई: समापन/आरक्षित दिवस
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को इन योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।