देवरिया। जनपद के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग-पत्र सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में रसोई गैस आपूर्ति की बदहाल स्थिति, हर घर जल योजना में देरी, वर्षों से बंद पड़े पशु चिकित्सालय, जर्जर सड़कों और गेहूं खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही नदी तटबंधों की खराब स्थिति, स्ट्रीट लाइट की समस्या और नगर में बढ़ते जाम को लेकर भी नाराजगी जताई गई।

सपा नेताओं का कहना है कि ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो पार्टी को बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

फिलहाल प्रशासन ने मांग-पत्र प्राप्त कर जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।