लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। उनकी उम्र 38 वर्ष थी।
जानकारी के अनुसार प्रतीक यादव सुबह विक्रमादित्य मार्ग स्थित अपने आवास पर अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मौत की परिस्थितियां संदिग्ध बताई जा रही हैं।
सिविल हॉस्पिटल प्रशासन के अनुसार मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच के लिए चिकित्सकों का पैनल गठित किया गया है।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर फिटनेस और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे। वह लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ जिम संचालित करते थे और सामाजिक संस्था के माध्यम से पशु सेवा कार्यों में भी सक्रिय थे।
उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए इसे “अत्यंत दुखद” बताया।









