देवरिया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित स्व-जनगणना अभियान में जनपद देवरिया ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश स्तर पर 16वां स्थान प्राप्त किया है। लगातार बढ़ रही जनभागीदारी के चलते जनपद स्व-जनगणना अभियान में तेजी से प्रगति कर रहा है।
इसी क्रम में जनपद में चल रहे स्व-जनगणना अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना प्रभारी रामशंकर ने जनपद न्यायाधीश, प्रमुख न्यायाधीश परिवार न्यायालय तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश से मुलाकात कर उनकी ऑनलाइन स्व-जनगणना कराई। स्व-जनगणना पूर्ण होने के बाद पोर्टल के माध्यम से जनरेटेड आईडी भी प्राप्त हुई।
अपर जिलाधिकारी रामशंकर ने बताया कि स्व-जनगणना की व्यवस्था आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। उन्होंने कहा कि यदि गणनाकर्मी के घर पहुंचने के समय कोई व्यक्ति अनुपस्थित रहता है या किसी कार्य में व्यस्त होता है, तो ऐसी स्थिति में यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वयं ऑनलाइन स्व-जनगणना कर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया मोबाइल फोन के माध्यम से भी आसानी से पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्व-जनगणना के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखें और गणनाकर्मी के आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना प्रक्रिया शीघ्रता से पूरी की जा सके।
अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 7 मई को 639 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराए जाने से जनपद की प्रगति 84.35 प्रतिशत रही। 8 मई को 1290 लोगों के पंजीकरण से उपलब्धि 86.35 प्रतिशत पहुंची, जबकि 9 मई को 2390 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराने के बाद प्रगति 87.59 प्रतिशत तक पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि 10 मई को 4800 लोगों द्वारा स्व-जनगणना कराए जाने के बाद जनपद ने 91.47 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की, जबकि 11 मई को 10 हजार लोगों द्वारा स्व-जनगणना किए जाने के साथ जनपद ने 94 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया।









