जौनपुर।
जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के पराहित घघरिया गांव निवासी शिवकुमार पटेल ने अपनी पुत्री काजल पटेल की शादी 7 मार्च 2025 को महाराजगंज थाना क्षेत्र के अति गांव निवासी उमेश पटेल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करता था।

मृतका के पिता का आरोप है कि 9 मई की रात करीब 12 बजे उन्हें सूचना दी गई कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है। जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटी मृत अवस्था में मिली और शव फांसी पर लटका हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। पुलिस ने पति उमेश पटेल, ससुर श्रीराम पटेल और सास मालती पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी पंचायत सहायक मुकेश पटेल और पूजा पटेल की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।