चकरा गोसाई में मारपीट, युवक पर फायरिंग का आरोप, हालत गंभीर

मईल/देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के चकरा गोसाई गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार चकरा गोसाई निवासी अभिषेक चौहान पुत्र तेज बहादुर चौहान अपनी मां के गांव मौनागढ़वा से घर लौटने के बाद दोबारा वहीं जा रहा था। जैसे ही वह चकरा गोसाई ढाला के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए करीब आधा दर्जन युवकों ने उसे घेर लिया। अभिषेक का आरोप लगते हुए कहा कि इस दौरान एक युवक ने उस पर बंदूक से फायरिंग की, हालांकि गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद सभी युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में अभिषेक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासिया चंदौर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।इस घटना को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि हमलावरों ने अभिषेक को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। मईल थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि ढाला के पास दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है। फायरिंग के आरोप की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।