गोरखपुर।
गोरखपुर के असुरन चौराहे पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब असुरन पुलिस चौकी के ठीक सामने एक लावारिस सिलेंडर पड़ा मिला। बम होने की आशंका के चलते इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर एक पुराना गैस सिलेंडर लावारिस हालत में देखा। सिलेंडर पर टेप चिपका होने के कारण लोगों को संदेह हुआ और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही असुरन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेरकर ट्रैफिक रोक दिया गया। बाद में बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। करीब एक घंटे की जांच के बाद सिलेंडर को खाली और पुराना पाया गया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला किसी शरारती तत्व द्वारा दहशत फैलाने का प्रतीत हो रहा है। सिलेंडर को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
सीओ कैंट ने बताया कि जिसने भी सार्वजनिक स्थान पर सिलेंडर रखकर दहशत फैलाने का प्रयास किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
घटना के दौरान असुरन-मोहद्दीपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।










