गोरखपुर। शहर के चर्चित कारोबारी एवं गोरखपुर क्लब संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव (40) की शुक्रवार को कुसमी स्थित फार्महाउस में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई और कारोबारी व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अम्बरीश शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे सिविल लाइंस स्थित आवास से निकले और करीब 7 बजे फार्महाउस पहुंचे। वहां कुछ देर टहलने के बाद करीब 8:30 बजे वह तीन मंजिला फार्महाउस की ऊपरी मंजिल पर चले गए। बताया जा रहा है कि उस समय वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहे थे।

करीब 8:30 से 9 बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनकर फार्महाउस के कर्मचारी ऊपर पहुंचे तो देखा कि अम्बरीश खून से लथपथ पड़े थे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, सीओ कैंट अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चली। हालांकि पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि फार्महाउस तक आने-जाने का एक ही रास्ता है।

परिजनों के अनुसार, अम्बरीश पिछले करीब 15 दिनों से मानसिक तनाव में थे। घटना से पहले उन्होंने पत्नी और एक परिचित से फोन पर बातचीत भी की थी।

अम्बरीश वर्ष 2012 से पारिवारिक जीवन में थे और उनके दो बच्चे हैं। वह एके टेंट हाउस नाम से व्यवसाय चलाते थे तथा शहर के बड़े आयोजनों और वीआईपी कार्यक्रमों में उनकी प्रमुख भूमिका रहती थी। हाल ही में उन्हें श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का महामंत्री भी चुना गया था।

पुलिस ने फार्महाउस को सील कर दिया है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।