सलेमपुर (देवरिया): भटनी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामपुर खुरहुरिया (नगर पंचायत, भटनी) निवासी सूरज राजभर (पुत्र मधु राजभर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ठाकुर कोडरा में रह रहा था।

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सायंकाल पिवकोल के पास उसकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई थी। इसके बाद मौके पर मौजूद भीड़ युवक को अपने साथ कहीं ले गई। जब वह देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि जे.डी. उ. मा. विद्यालय, रामपुर खुरहुरिया के पीछे एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में जुट गए।

परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।