देवरिया: बरहज में आयोजित बाबा राघव दास क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को सहोदर देवी क्रिकेट एकेडमी, सलेमपुर और तारकेश्वर एकेडमी, बरहज के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सलेमपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच 30-30 ओवर का खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सहोदर देवी क्रिकेट एकेडमी, सलेमपुर ने 152 रन बनाए। टीम की ओर से ईसान ने 22 रन, प्रतीक ने 21 रन और गगन ने 18 रन का योगदान दिया। बरहज की ओर से गेंदबाजी में कुश ने 3 विकेट जबकि शिवम और हसन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी तारकेश्वर एकेडमी, बरहज की टीम 151 रन ही बना सकी और मैच 1 रन से हार गई। टीम की ओर से लवपाल ने 43 रन और शिवम ने 27 रन बनाए। सलेमपुर की ओर से गेंदबाजी में अनुज सिंह ने 3 विकेट लिए, जबकि गगन और नैतिक ने 1-1 विकेट हासिल किया।

शानदार प्रदर्शन के लिए अनुज सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच का उद्घाटन नायब तहसीलदार रविंद्र मौर्य, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजीज जायसवाल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, ज्ञान चंद्र, मुरारी और तारकेश्वर सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया गया।