देवरिया:
स्थानीय बरहज नगर के पटेल नगर में स्मार्ट मीटर से बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर आक्रोशित दर्जनों महिलाओं ने मंगलवार को तहसील परिसर में विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व स्वामीनाथ यादव ने किया।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से हर महीने वास्तविक खपत से अधिक बिजली बिल आ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही कई उपभोक्ताओं ने एकमुश्त समाधान योजना के तहत पूरा बकाया जमा कर दिया है, फिर भी बिल में अधिभार और पुराना बकाया दिखाया जा रहा है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस समस्या से आम जनता बेहद परेशान है और लगातार शिकायतों के बावजूद कोई समाधान नहीं हो रहा है।

महिलाओं ने यह भी बताया कि एसडीएम ने मंगलवार को समाधान के लिए तहसील बुलाया था, लेकिन मौके पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद तहसील परिसर में जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन में शिवम तिवारी, छागुरी देवी, रीता देवी, तारा देवी, शकुंतला, राजमती, किरण, उषा, रिंकू, पुष्पा, सुशीला, संध्या, संगीता समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।