देवरिया के सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कुल 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग से 33, पुलिस से 15, विकास से 4 तथा अन्य विभागों से 21 मामले शामिल रहे। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को तय समयसीमा में समाधान के निर्देश के साथ भेजा गया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का निस्तारण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए, जिससे जरूरतमंदों को त्वरित राहत मिल सकी।