देवरिया: बरहज क्षेत्र के पटेल नगर पूर्वी वार्ड स्थित रगड़गंज में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ व्यक्ति की ताड़ के पेड़ से गिरकर मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उदय सोनकर उर्फ कोदई सोनकर (50), पुत्र स्वर्गीय सुधु सोनकर, निवासी रगड़गंज के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह रविवार दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के पेड़ पर चढ़ रहे थे।
इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बुरी तरह घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि उदय सोनकर परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे और ताड़ी निकालकर ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










