देवरिया जनपद के स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौदी में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, मौज यादव और बाबूलाल के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को बाबूलाल के पुत्र द्वारा विवादित भूमि पर मिट्टी डालने का प्रयास किया गया, जिसका नवाज यादव ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट में तब्दील हो गई।
इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और लोगों को घरों के अंदर तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। घटना में एक पक्ष से ख्वाजा यादव (70), कांत यादव (80), कमली देवी (68) और ममता देवी (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरे पक्ष के शिवकुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में जय राम यादव ने आठ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना अध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि ग्राम प्रधान सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










