देवरिया। नगर क्षेत्र के हर्ष चंद्र इंटर कॉलेज में शनिवार को धार्मिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई, साथ ही नए कंप्यूटर कक्ष का उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्रा ‘शाका’ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता जायसवाल शामिल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की प्रतिमा के पूजन और हवन से हुई, जिसमें सभी अतिथियों ने भाग लिया।

इसके बाद विद्यालय में स्थापित कंप्यूटर कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए इसके विकास की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि अवधेश सिंह ने आधुनिक शिक्षा में कंप्यूटर के महत्व पर जोर देते हुए इसे अनिवार्य किए जाने की आवश्यकता बताई। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने 115 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक विद्यालय के पुनरुत्थान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यालय को शिक्षा के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।

इस मौके पर डॉ. अजय कुमार मिश्रा, खड़क बहादुर यादव, प्रेम शंकर पाठक, जगदीश यादव, गणेश मिश्रा, विद्या तिवारी, उमा तिवारी, सुनील केडिया, अनिल कुशवाहा, गोविंद जायसवाल, अशोक सिंह, अभयानंद तिवारी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।