देवरिया: गौरा बरहज स्थित श्रीराम जानकी बाल विद्या मंदिर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बीएसएस परशुराम सेना द्वारा भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन संगठन के जिलाध्यक्ष विनय पाठक के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य अतिथि समाजसेवी श्रीप्रकाश पाल एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक पांडेय ने माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीप्रकाश पाल ने भगवान परशुराम के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने की बात कही। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक पांडेय ने भगवान परशुराम के जीवन दर्शन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भालचंद्र तिवारी, बाल बिहारी तिवारी, अभयानंद तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी भगवान परशुराम के आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक पांडेय ने किया। इस अवसर पर पवन पांडेय, कपिल देव, प्रेमशंकर तिवारी, मिथिलेश सिंह, राजेंद्र जायसवाल, चंदन कुमार, विद्यानंद पांडेय, राजेश यादव, अधिवक्ता विकास पांडेय, अखिलानंद तिवारी, श्रीराम तिवारी, हरे कृष्ण तिवारी, कृष्ण देव तिवारी, रामआश्रय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।