देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के पटेल नगर पूर्वी वार्ड के रगड़गंज निवासी उदय सोनकर उर्फ कोदई सोनकर (50) की रविवार दोपहर ताड़ के पेड़ से गिरकर मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वे दोपहर करीब 11–12 बजे ताड़ी उतारने के लिए पेड़ पर चढ़ रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं और वही परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।










