जिला संवाददाता
देवरिया, उत्तर प्रदेश
बरहज तहसील क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर सिंह पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल को सड़क विभाग से जुड़े एक मामले में बृजेंद्र सिंह की मृत्यु के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय अधिवक्ता भी इस मामले में न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मीपुर घटना पर सियासत तेज, भाजपा नेता ने की मुलाकात
रामेश्वर सिंह ने मौके से ही उच्च अधिकारियों से बातचीत कर मामले में अब तक की प्रगति की जानकारी ली और कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार सभी तथ्यों की जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी उपस्थित रहे। वहीं जांच प्रक्रिया के तहत ग्रामवासियों के बयान दर्ज करने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।










