जौनपुर, उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में प्रशासन की तत्परता का एक उदाहरण सामने आया है, जहां जिलाधिकारी के निर्देश पर मृतक किसान के परिवार को मात्र एक सप्ताह के भीतर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

मामला मड़ियाहूं तहसील के विकासखंड बरसठी अंतर्गत भदरांव गांव का है। यहां के निवासी मुलायम बनवासी की गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेसर में हाथ फंसने से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी पूजा बनवासी ने जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्या रखी।

जिलाधिकारी ने संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया था। आश्वासन के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र एक सप्ताह के भीतर मृतक की पत्नी को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत ₹5 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई।

इसके साथ ही आवास आवंटन स्वीकृति प्रमाण-पत्र, कृषि पट्टा स्वीकृति प्रमाण-पत्र, निराश्रित महिला पेंशन योजना, अंत्योदय राशन कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज जैसे आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराए गए। पारिवारिक लाभ योजना के लिए आवेदन भी कराया गया है।

प्रशासन द्वारा परिवार को अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—जैसे राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और बच्चों की शिक्षा के लिए बाल सेवा योजना—के तहत पात्रता की जांच कर लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस दौरान परिवार ने भावुक होकर बताया कि हाल ही में पूजा बनवासी को एक पुत्र की प्राप्ति हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जहां एक ओर परिवार कठिन समय से गुजर रहा है, वहीं नवजात शिशु का आगमन उनके जीवन में नई उम्मीद लेकर आया है।

जिलाधिकारी ने इस कार्य में सहयोग करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से यह सहायता शीघ्र संभव हो सकी। प्रशासन की इस त्वरित पहल से क्षेत्र में सराहना की जा रही है और पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।